बुन्देली भाषा के विख्यात महाकवि ईसुरी ने फाग विधा में चौकड़िया फाग की रचना करके बुन्देली साहित्य को एक नई दिशा और विशिष्ट पहचान प्रदान की। उनकी फागों में प्रेम, श्रृंगार, अध्यात्म, जीवन-दर्शन, लोकनीति और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत समन्वय मिलता है। उन्होंने लोकजीवन की छोटी-बड़ी घटनाओं, सुख-दुःख, प्रेम-विरह और सामाजिक परिस्थितियों को इतनी सहज एवं प्रभावशाली लोकभाषा में अभिव्यक्त किया कि उनकी रचनाएँ सीधे जनमानस के हृदय तक पहुँच गईं।
बुन्देली लोकसाहित्य के अमर साधक और चौकड़िया फाग के प्रवर्तक
महाकवि ईसुरी का जीवन स्वयं एक काव्य की तरह है। उनके जीवन की अनुभूतियाँ ही उनकी रचनाओं का आधार बनीं। उन्होंने जो देखा, भोगा और अनुभव किया, उसे अपनी फागों में ढाल दिया। यही कारण है कि उनकी चौकड़ियाँ केवल काव्य रचनाएँ नहीं, बल्कि बुन्देलखण्ड के तत्कालीन लोकजीवन, सामाजिक संबंधों, रीति-रिवाजों और मानवीय भावनाओं का जीवंत दस्तावेज भी हैं।
जन्म एवं जन्मस्थान
बुन्देली लोकभाषा के महाकवि ईसुरी के जीवन और काव्य-साधना के संबंध में लिखित प्रमाण बहुत कम उपलब्ध हैं। उनके जन्म के संबंध में भी साहित्यकारों एवं शोधकर्ताओं के अलग-अलग मत मिलते हैं। उनकी चौकड़िया फागों तथा उपलब्ध लोकपरंपरागत जानकारियों के आधार पर उनका जन्म विक्रम संवत् 1896 (लगभग 1839 ई.) माना जाता है। कुछ साहित्यकार उनका जन्म विक्रम संवत् 1881 (1824 ई.) मानते हैं, जबकि कुछ अन्य विद्वानों ने विक्रम संवत् 1902 का उल्लेख किया है। इस प्रकार उनके जन्मवर्ष के संबंध में अभी तक सर्वसम्मति नहीं बन पाई है।
महाकवि ईसुरी के जन्मस्थान को लेकर भी विभिन्न मत प्रचलित हैं। उपलब्ध जानकारियों के आधार पर झाँसी जिले का ग्राम मेंड़की उनकी जन्मभूमि माना जाता है। उनके पिता पंडित भोला प्रसाद तिवारी (अड़जरिया) एक सामान्य किसान थे। ईसुरी तीन भाइयों में से एक थे। उनके भाइयों के नाम सदानन्द, रामदीन और ईसुरी बताए जाते हैं। उनके भाई मेंड़की में रहकर पुश्तैनी कृषि कार्य करते रहे।
बचपन एवं पालन-पोषण
ईसुरी का बचपन लुहरगाँव, कौनियाँ, हरपालपुर, जिला छतरपुर में अपने मामा पंडित भूधर नायक के यहाँ बीता। बाल्यावस्था में ही माता-पिता का निधन हो जाने के कारण उनके पालन-पोषण का दायित्व मामा ने संभाला। उन दिनों मामा की कोई संतान नहीं थी। वे ईसुरी को गोद लेना चाहते थे, किंतु बाद में उनके यहाँ संतान हो जाने के कारण यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। फिर भी मामा का ईसुरी के प्रति स्नेह बना रहा। उनका विवाह-संस्कार भी मामा ने ही संपन्न कराया।
विवाह एवं पारिवारिक जीवन
महाकवि ईसुरी का विवाह सींगौन (नौगाँव के निकट), जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश के पंडित भोलानाथ मिश्र की पुत्री राजाबेटी के साथ हुआ था। कुछ लोगों द्वारा उनकी पत्नी का नाम श्यामबाई भी बताया जाता है, किंतु उपलब्ध लोकपरंपरागत विवरणों में राजाबेटी का नाम अधिक प्रचलित है। स्वयं ईसुरी की एक चौकड़िया फाग में पत्नी की मृत्यु का मार्मिक उल्लेख मिलता है।
हम पै डार गई मोहनियां गोरेबदन की धनियां।
बांह बरा बाजूबंद सोहैं कर में जड़ी ककनियां।
नख सिख में सब गानो पैरैं पायन में पैजनियां।
ईसुर कात चिता पै धर दओ तो खां आज रजनियां।
ईसुरी के ससुराल वालों का ग्राम धौर्रा (नौगाँव) में अनाज की खरीद-बिक्री का व्यवसाय था। मामा के यहाँ से ईसुरी धौर्रा आकर रहने लगे। राजाबेटी को उनके मायके वालों ने दुकान में कुछ हिस्सा दे रखा था, जिसके सहारे उनका परिवार गुजर-बसर करता था।
रज्जो राजा प्रसंग और जीवन का संघर्ष
महाकवि ईसुरी के जीवन से जुड़ा एक चर्चित प्रसंग रज्जो राजा नामक युवती से संबंधित है। लोकपरंपरा में प्रचलित विवरणों के अनुसार ठाकुर जगत सिंह की एक पुत्री थी, जिसका नाम रज्जो राजा बताया जाता है। उन दिनों ईसुरी ठाकुर के यहाँ मुसाहिब (जमींदारी संबंधी कामकाज) का कार्य करते थे। इस कारण ठाकुर परिवार से उनका मेल-जोल बना रहता था।
कहा जाता है कि ईसुरी और रज्जो राजा के बीच निकटता की चर्चा परिवार में होने लगी थी। ठाकुर साहब इस संबंध से नाराज थे और ईसुरी को धौर्रा से हटाने का अवसर तलाश रहे थे। इसी दौरान ठाकुर के घर कुछ जेवरात चोरी हो गए। संदेह के आधार पर घर की एक नौकरानी से पूछताछ की गई और उसने चोरी स्वीकार कर ली।
लोकवृत्तांत के अनुसार ठाकुर साहब ने इस घटना में ईसुरी को भी सह-अपराधी ठहरा दिया। उन्हें पकड़कर नीम के पेड़ से उल्टा लटका दिया गया। ईसुरी ब्राह्मण थे और ग्राम के ब्राह्मणों के जमाई भी थे। ससुराल पक्ष के लोगों ने हस्तक्षेप करके उन्हें छुड़वाया। इस घटना से ईसुरी को गहरा मानसिक आघात पहुँचा। उनके मन में अपमान की पीड़ा लंबे समय तक बनी रही।
इस घटना से संबंधित भावनाओं को उन्होंने अपनी फागों में व्यक्त किया है। एक चौकड़िया में वे रज्जो राजा के द्वार पर अपने साथ हुई दुर्दशा का वर्णन करते हैं—
जा भई दशा लगन के मारे रजऊ तुम्हारे द्वारें।
जिन तन फूल छड़ी न लागी तिन तन छई तरवारें।
हम तो टंगे नीम की डारें रजुआ करें बहारें।
ठांड़ी हतीं टिकीं चौखट से, हो गई ओट किबारें।
का कएं यार अकेले ईसुर, सबरो गांव उतारें।
लोकमान्यता के अनुसार चोरी की घटना में ईसुरी का कोई वास्तविक हाथ नहीं था। वे विवाहित थे और उनकी पत्नी भी उनके साथ रहती थीं। किंतु उस समय ठाकुर परिवार का सामाजिक प्रभाव बहुत अधिक था। उनके विरुद्ध बोलने का साहस कम ही लोग कर पाते थे।
ईसुरी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को अन्यायपूर्ण माना और अपनी पीड़ा को फाग के माध्यम से व्यक्त किया—
अनुआ का भओ जात लगायें जौ लो राम बचायें।
रांडें पकरीं जांय पेट से ऐबातन की बायें।
ऐंगर ठाड़े देख लेय कोउ आँखें चार मिलायें।
ईसुर चन्द होत न मैले काउ के धूर लगायें।
इस घटना के बाद ईसुरी ने धौर्रा छोड़ दिया और पास के ग्राम ठठेवरा में जाकर रहने लगे। वहाँ उनका मन नहीं लगता था। शरीर से वे ठठेवरा में थे, किंतु मन धौर्रा की घटनाओं और अपमान की स्मृतियों में उलझा रहता था। उनकी इस मनःस्थिति का मार्मिक चित्रण एक फाग में मिलता है—
कैसे मिटें लगी के घाओ ई की दवा बताओ।
दिन ना रात चिहारी परतीं ज्वर ना खाये चाओ।
गुनियां और नावते हारे, खेल-खेल के भाओ।
बात ईसुरी कैसौ करिए, चलत न एक उपाओ।
इसी भाव की एक अन्य पाठ-परंपरा में यह फाग भी प्रचलित है—
कैसे मिटै लगीको घाओ, ई की दवा बताऔ।
दिन ना रात चिहारी परती, ज्वर ना खांये चाऔ।
गुनिआ और नावते हारे, खेल-खेल के भावौ।
कात ईसुरी कैसो करिये, चलत ना एक उपाऔ।
अपमान और मानसिक वेदना से व्यथित ईसुरी की स्थिति का वर्णन एक अन्य फाग में मिलता है—
हंसा फिरत विपत के मारे अपने देश बिना रे।
अब का बैठे तला तलैंयां छोडे समुद किनारे।
पैला मोती चुनत हते अब ककरा चुनत बिचारे।
अब तो ऐसे फिरत ईसुरी जैसे मौ में डारे।
कुछ समय बाद लोगों को घटना की वास्तविकता का पता चला। धौर्रा के लोग ईसुरी को वापस बुलाने ठठेवरा पहुँचे, किंतु उन्होंने लौटने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जिन लोगों ने उन्हें झूठे आरोप में अपमानित किया, उनमें से कोई स्वयं उन्हें लेने नहीं आया। इसके बाद गाँव के लोगों ने ठाकुर साहब से बातचीत की। अंततः ठाकुर ने अपने भाई को ईसुरी को वापस लाने भेजा और अपनी ओर से अफसोस व्यक्त किया। तब ईसुरी धौर्रा लौट आए।
न्यायप्रिय तहसीलदार और ईसुरी का मुकदमा
धौर्रा लौटने के बाद भी ईसुरी का मन पहले जैसा नहीं रहा। वे पंडित चतुर्भुज किलेदार के यहाँ कामदारी करने लगे। इसी दौरान धौर्रा के माफीदार जगजीत सिंह ने उनके विरुद्ध मुकदमा दायर कर दिया। यह मुकदमा कुलपहाड़ के तहसीलदार की अदालत में चला। उस समय वहाँ तहसीलदार माधो प्रसाद थे। उन्होंने निष्पक्ष निर्णय दिया और ईसुरी मुकदमे में विजयी हुए।
तहसीलदार के न्याय और निष्पक्षता से प्रभावित होकर ईसुरी ने उनकी प्रशंसा में एक फाग रची—
जब हम तासीली से छूटे, परे मुकदमा झूठे।
लै लये हैं ऐझार एक से, एक न हाकि जूठे।
उनखां बढ़ती देय विधाता, बड़े बखेड़ा टूटे।
श्री माधौ प्रसाद से हाकिम जियत जगत जस लूटे।
ईसुर नीति निभाई पूरी, नबत पेट खां घूटे।।
बगौरा में निवास एवं साहित्य-साधना
बगौरा गाँव नौगाँव क्षेत्र के निकट स्थित है। उपलब्ध विवरणों के अनुसार इस गाँव की जमींदारी के हिस्से अलग-अलग व्यक्तियों के पास थे। एक हिस्सा पंडित चतुर्भुज किलेदार ने खरीदा था, जबकि अन्य हिस्से रोशन खाँ और काले खाँ कामदार अलीपुर स्टेट के पास थे।
पंडित चतुर्भुज किलेदार ने अपने हिस्से की जमींदारी की व्यवस्था का दायित्व ईसुरी को सौंप दिया और उन्हें बगौरा भेज दिया। बगौरा पहुँचकर ईसुरी प्रसन्नतापूर्वक रहने लगे। उन्होंने बड़ी ईमानदारी और लगन से जमींदारी के कामकाज को संभाला।
ईसुरी लगभग 25-26 वर्षों तक किलेदार के यहाँ कामदारी करते रहे। इसी अवधि में उनकी साहित्य-साधना निरंतर चलती रही और उनकी फागों को व्यापक लोकप्रियता मिली। वे फाग रचना में असाधारण दक्षता प्राप्त कर चुके थे। बगौरा उनके जीवन और साहित्यिक साधना का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया।
वृन्दावन यात्रा और कृष्ण भक्ति
लोकपरंपरा के अनुसार लगभग 54 वर्ष की आयु में महाकवि ईसुरी वृन्दावन की यात्रा पर गए। वहाँ उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर अनेक फागों की रचना की। वे लगभग तीन वर्षों तक वृन्दावन, मथुरा, बरसाना तथा ब्रजभूमि के उन स्थानों पर रहे, जिनका संबंध श्रीकृष्ण की लीलाओं से माना जाता है।
पंडित चतुर्भुज किलेदार ईसुरी पर बहुत विश्वास करते थे और उनसे विशेष स्नेह रखते थे। उन्होंने उन्हें वापस बगौरा बुलवा लिया। लौटकर ईसुरी ने फिर से जमींदारी का काम संभाल लिया।
बाद में किसी कारणवश पंडित चतुर्भुज किलेदार की जमींदारी का हिस्सा रज्जब अली ने खरीद लिया। रज्जब अली की मृत्यु के बाद उनकी बेगम आबदी बेगम बगौरा की जमींदारी की मालकिन बनीं। उन्होंने ईसुरी को जमींदारी का कारिंदा नियुक्त किया।
इस प्रसंग की पुष्टि ईसुरी की एक फाग से होती है—
जौलो रहे पगन से नीके, आय गए सबहीं के।
भये इक और रंज के मारें जा नई सकत किसी के।
इतनी ख़बर लैय जी भर गओ, प्रेम को पानी पी के।
आना आठ गाँव में हिस्सा, मजा मिलकियत जी के।
बने बगौरा रात ईसुरी, कारिन्दा बीबी के।
बेगम के यहाँ काम करने के बावजूद ईसुरी और पंडित चतुर्भुज किलेदार के संबंध पहले की तरह मधुर बने रहे। उनके मन में किलेदार के प्रति गहरा स्नेह और सम्मान था। अपनी इस भावना को उन्होंने एक फाग में व्यक्त किया—
दोई कर परमेश्वर से जोरें करौ कृपा की कोरें।
हम न हुए दिखैया देखैं हितन-हितन की डोरें।
उदना जान परै अन्तस की जब वे अंसुआ ढौरें।
बंदा के ठठरी करें रवानी रजऊ कोद की खोरें।
बना चैतरा देंय चतुर्भज इतनी खातिर मौरें।
होवै कऊं पै मरै ईसुरी, किलेदार के दोरें।
इस फाग में ईसुरी की तीन अंतिम इच्छाओं का संकेत मिलता है। पहली इच्छा थी कि उनकी मृत्यु पंडित चतुर्भुज किलेदार के द्वार पर हो। दूसरी, उनकी अंतिम यात्रा रजऊ के द्वार से निकले, ताकि वह भी उसे देख सके। तीसरी इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार बगौरा में ही किया जाए।
उनकी इस भावना का एक अन्य रूप इस फाग में दिखाई देता है—
यारो इतनो जस कर लीजौ, चिता अन्त न कीजौ।
चलतन श्रम से बहै पसीना, भसम पै अन्तस भीजौ।
निगतन खुर्द चेटका लातन, उन लातन मन रीझौ।
वे सुस्ती न होय रात-दिनु जिनके ऊपर सीजौ।
गंगा जू लों मरें ईसुरी, दाग बगौरे दीजो।।
पारिवारिक जीवन और संतान
महाकवि ईसुरी और उनकी पत्नी राजाबेटी के चार पुत्रियाँ तथा एक पुत्र होने का उल्लेख मिलता है। उनकी पुत्रियों के नाम राजकुँवर, लाड़कुँवर, रुकमिन और गुरन बताए जाते हैं। उनके एक पुत्र की भी उत्पत्ति हुई थी, किंतु लगभग चौदह वर्ष की आयु में उसका निधन हो गया। पुत्र की मृत्यु से ईसुरी को गहरा दुःख पहुँचा। उन्होंने अपनी पीड़ा को फाग के माध्यम से व्यक्त किया—
जौ तन कर दओ राम निरासा, की की करिए आशा।
कीन्हों गजब गरीबन ऊपर, जाने कहा निकासा।
बारे कैसो खेल मिटा दओ, कर ले तनक तमासा।
ईसुर प्रान लेत काये ना, दुखिया तन की आशा।
ईसुरी की पत्नी अधिकांश समय अपने मायके में रहती थीं। उनके बच्चों का जन्म तथा पुत्रियों के विवाह-संस्कार भी ईसुरी की ससुराल सींगौन में ही संपन्न हुए थे। उपलब्ध विवरणों के अनुसार पुत्रियों के विवाह क्रमशः राजकुँवर का महुआबाँद, लाड़कुँवर का लुगासी, रुकमिन का ढिलापुर और गुरन का धबार गाँव में हुआ था।
राजाबेटी केवल गृहस्थ जीवन तक सीमित नहीं थीं, बल्कि उनमें भी काव्य प्रतिभा थी। वे औपचारिक रूप से शिक्षित नहीं थीं, किंतु लोकगीत, दादरे, बारहमासी, गारी और फागें रचने में दक्ष थीं। उनकी रचनात्मकता का उल्लेख ईसुरी के जीवन से जुड़े प्रसंगों में मिलता है।
राजाबेटी की बीमारी और अंतिम विदाई
जीवन के अंतिम दिनों में ईसुरी की पत्नी राजाबेटी को श्वास रोग हो गया था। उन्हें साँस लेने में कठिनाई होती थी और खाँसी भी आती थी। अपनी पीड़ा और शारीरिक कष्ट को उन्होंने फाग के माध्यम से ईसुरी के सामने व्यक्त किया—
दिल में परे प्रीति के छाले, बचे तो यार बचाले।
धौंकी नहीं जात जी जामें, सये न जात कसाले।
सांसऊ मांस प्रान नारी में, बैदे चाय बताले।
द्विज को श्याम करें चतुराई, घबा फालतू घाले।
राजाबेटी ने अपने अंतिम समय में ईसुरी से जो बातें कहीं, उन्हें भी फाग के रूप में अभिव्यक्त किया गया। इस रचना को ईसुरी ने अपनी काव्य-छाप देकर पूर्ण किया था—
हम खां लेव बलम ओली में, प्राण कड़त बोली में।
आये बैद लये रस ठांडे़, का होने गोली में।
हात हमारो सबने देखो, नई प्राण चोली में।
ईसुर ले गए विदा कराके, चार जने डोली में।
राजाबेटी की मृत्यु के बाद ईसुरी का जीवन एकाकी हो गया। पत्नी के वियोग ने उन्हें भीतर तक व्यथित कर दिया। उनके मन की यह पीड़ा उनकी एक प्रसिद्ध फाग में दिखाई देती है—
हम पै डार गई मोहनियां, गोरे बदन की धनियां।
बांह बरा बाजूबंद सोहें, कर में जड़ी ककनियां।
नख सिख में सब गानों पैरो, पंयन में पैजनियां।
ईसुर कात चिता पै धर दऔ, तो खां आज रजनियां।
इस फाग में पत्नी के रूप-सौंदर्य और आभूषणों का वर्णन करते हुए कवि ने अपने वियोग की वेदना को अत्यंत मार्मिक ढंग से व्यक्त किया है।
परिजनों एवं परिवार से संबंध
महाकवि ईसुरी के परिजनों में उनके सगोत्र बंधु अधार अड़जरिया का उल्लेख मिलता है। उनके दो पुत्र और एक पुत्री थी। बड़े पुत्र का नाम आनन्द राम तथा छोटे पुत्र का नाम विन्देराम था। पुत्री रुकमिणी का विवाह पंडित अछरूलाल पाठक के परिवार में हुआ था। उनके पाँच पुत्र बताए जाते हैं।
ईसुरी की एक बहन रामा थीं। उन्होंने अपने हिस्से का मकान और कृषि भूमि अपनी बहन के पुत्र गरीबे मिश्र को दे दी थी।
उनकी सबसे छोटी पुत्री गुरन का विवाह धबार गाँव में हुआ था। गुरन के पति का निधन अपेक्षाकृत कम आयु में हो गया था। पुत्री के वैधव्य से ईसुरी बहुत दुखी हुए। वे उसे समझाने धबार गए और विधि के विधान तथा ईश्वर की माया का स्मरण कराते हुए उसे सांत्वना दी। इस प्रसंग में रची गई उनकी फाग में पिता का स्नेह और जीवन-दर्शन दोनों दिखाई देते हैं—
जिदना गुरन तुमें औतारो, विध ने अक्षर मारो।
सुन्दर रूप दओ विधना ने, नख सिख सें सिंगारो।
उनपे अपनों जोर चले न, परमेंसुर सें हारो।
ईसुरी बेई पार लगा हैं, जीने बनो बिगारो।
जीवन की घटनाएँ और ईसुरी की काव्य-दृष्टि
महाकवि ईसुरी का स्वभाव सहज, सरल और संवेदनशील था। वे अपने काम से काम रखते थे और जीवन में घटने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं को अपनी फागों का विषय बना लेते थे। उनके लिए प्रकृति, मनुष्य, पशु-पक्षी और सामाजिक जीवन सभी काव्य के विषय थे।
एक बार उनके सिर पर एक काला नाग आकर बैठ गया। कुछ समय तक वह फन फैलाए उनके सिर पर बैठा रहा और फिर बिना कोई हानि पहुँचाए नीचे उतरकर चला गया। ईसुरी ने इस असाधारण घटना को भी अपनी फाग में ढाल दिया—
सिर पै करी सांप ने बामी, धन्य गरुण के गामी।
पीठ पछारूं से चढ़ आओ, उतरन उतरो सामी।
न हम करी करन दई औरन, भगति रहो हां कामी।
काये से रीझे ईसुर पै, करत जात हौ नामी।
इस घटना के बाद लोकमान्यता में ईसुरी के प्रति श्रद्धा और बढ़ गई। लोग उनके दर्शन करने आने लगे और उनसे आशीर्वाद लेने लगे।
इसी संदर्भ में ग्राम बरी के एक लोधी का प्रसंग भी प्रचलित है। बताया जाता है कि उस व्यक्ति की संतान नहीं थी। वह ईसुरी के पास पहुँचा और अपनी चिंता व्यक्त की। ईसुरी ने उसे सांत्वना देते हुए आशीर्वाद दिया। बाद में उसके घर पुत्र उत्पन्न हुआ। इस घटना को ईसुरी की फाग में भी अभिव्यक्ति मिली—
तुमने राखे मान हमारे, होवें भले तुमारें।
डेरा दओ खास दालानन, अपने हांतन झारे।
लगा दई पानन की बिरिया, लौंग लायची डारे।
ईसुर देत असीसें तुम खां, ओली खेलें बारे।
ईसुरी के जीवन-दर्शन का एक महत्वपूर्ण पक्ष उनकी नैतिक और धार्मिक चेतना भी थी। वे कर्म, धर्म और सदाचार को जीवन का आधार मानते थे। उनकी एक फाग में यह विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त हुआ है—
दीपक दया धरम को जारौ, सदा रहत उजियारो।
धरम करैं बिन करम खुलैं ना, ज्यों कुंजी बिन तारो।
समझा चुके करै ना रैयो, दिया तरें अंधियारो।
कात ईसुरी सुन लो प्यारी, लग जै पार निवारो।
ईसुरी की फाग मंडली और लोकजीवन
महाकवि ईसुरी केवल कवि ही नहीं थे, बल्कि लोकगायन और फाग मंडलियों की परंपरा से भी गहराई से जुड़े हुए थे। एक समय ऐसा था जब वे स्वयं अपनी फागें गाया करते थे। उनके साथ ढोलक, नगड़िया, झाँझ और मंजीरा बजाने वाले कलाकारों की मंडली रहती थी।
एक बार चंदपुरा गाँव के ठाकुर गंभीर सिंह ने उन्हें फाग गायन के लिए आमंत्रित किया। ईसुरी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वे अपनी मंडली के साथ आएँगे। उनके साथ धीरे पंडा और रंगरेजिन बेड़नी को भी ले जाने की बात कही गई थी।
धीरे पंडा स्वयं कवि नहीं थे, किंतु वे ईसुरी की फागें बहुत सुंदर ढंग से गाते थे। प्रभु मिश्रा नगड़िया बजाते थे, सूरे झींका बजाते थे और रंगरेजिन बेड़नी नृत्य करती थीं।
उन दिनों विवाह, जन्मोत्सव, नामकरण और अन्य शुभ अवसरों पर फाग गायन के आयोजन होते थे। ईसुरी की मंडली को दूर-दूर के गाँवों से आमंत्रित किया जाता था। किसी कारणवश एक बार वे ठाकुर गंभीर सिंह के यहाँ नहीं पहुँच सके। अपने वचन का पालन न कर पाने पर उन्हें खेद हुआ और उन्होंने क्षमा माँगते हुए एक फाग भेजी—
मोरी केबो लाख छिमां को, जो कसूर उदना को।
बन्दे विनती करत बनी ना, बिगरी खां ना ताको।
सब कोऊ कात अपुन खां ऐसो, बढ़ौं मिजाज मजा को।
ईसुरी श्री गम्भीर सिंह जू, कलसा चन्द्रपुरा को।
इसके बाद उन्होंने एक अन्य फाग के माध्यम से भविष्य में आमंत्रण मिलने पर अवश्य आने का आश्वासन भी दिया—
जिदना हम खां आप बुलावें, हुकुम के सुनतन आवें।
गाँव घिसलनी घोड़ा भेजो, विधिगत कौन बतावें।
पडुआ से धीरे पण्डा इक, रंगरेजन खां ल्यावें।
ऊ दिन की लाचारी हम खां, रात तिजारी दावें।
दरवाजे पै बना ईसुरी, नई-नई फाग़ें गावें।
ईसुरी की मंडली में धीरे पंडा, रंगरेजिन बेड़नी, प्रभु मिश्रा, प्रेमानन्द सूरे और नत्थे खाँ दफेदार आदि प्रमुख कलाकारों का उल्लेख मिलता है। ये सभी कलाकार लोकगायन और फाग की प्रस्तुतियों को प्रभावशाली बनाने में अपनी भूमिका निभाते थे।
गंगाधर व्यास और ईसुरी की मित्रता
तत्कालीन प्रसिद्ध फगवारे गंगाधर व्यास और महाकवि ईसुरी के बीच घनिष्ठ मित्रता थी। गंगाधर व्यास उनसे मिलने उनके घर आया-जाया करते थे। दोनों के बीच साहित्यिक चर्चा के साथ हास-परिहास भी चलता रहता था।
गंगाधर व्यास के दो पुत्र थे, जिनके नाम मगन और चगन बताए जाते हैं। वे ईसुरी की पत्नी राजाबेटी को भौजी कहकर संबोधित करते थे और कभी-कभी उनसे हँसी-मजाक भी कर लेते थे।
एक प्रसंग में गंगाधर व्यास के मजाक का उत्तर राजाबेटी ने भी अपनी काव्य प्रतिभा के माध्यम से दिया। वे स्वयं लोककाव्य की अच्छी जानकार थीं। उन्होंने गंगाधर व्यास को चुटीले और व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया—
गंगाधर झाड़े खां निकरे,
रिपट परे ते गू में।
सबरी देह मगन ने चाटी, तनक छपो रहो मू में।
प्यारी सूरत सकल बनायें, गांव भरे में घूमें।
यह प्रसंग बताता है कि ईसुरी का पारिवारिक वातावरण भी लोककाव्य और हास्य-विनोद से परिपूर्ण था। उनकी पत्नी राजाबेटी में भी काव्यात्मक अभिव्यक्ति की अच्छी क्षमता थी।
चौकड़िया फाग और फड़बाजी की परंपरा
महाकवि ईसुरी बुन्देली फाग साहित्य में चौकड़िया फाग के प्रमुख प्रवर्तक माने जाते हैं। उन्होंने फाग को ऐसी लोकप्रिय काव्य-विधा के रूप में प्रतिष्ठित किया, जिसने बुन्देलखण्ड के लोकजीवन में गहरी जगह बना ली।
उनके समकालीन कवियों ने भी फाग को अपनी अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया। धीरे पंडा, प्रभु मिश्रा, रंगरेजिन बेड़नी और प्रेमानन्द सूरे जैसे सहयोगियों का उल्लेख इस परंपरा में मिलता है। गंगाधर व्यास भी इसी समय के प्रसिद्ध फगवारे बनकर उभरे।
धीरे-धीरे फाग साहित्य में फड़बाजी अर्थात् काव्य-प्रतिस्पर्धा की परंपरा विकसित हुई। ईसुरी और उनकी मंडली गाँव-गाँव जाकर फागें गाती थी। बाद में आयोजकों ने दो-दो मंडलियों को आमंत्रित करना शुरू कर दिया। दोनों मंडलियाँ एक-दूसरे की फागों के उत्तर में नई फागें प्रस्तुत करती थीं। इस प्रकार काव्य-प्रतिस्पर्धा का एक समृद्ध लोकमंच विकसित हुआ। उस समय नाथूराम माहौर भी फाग गायन के प्रसिद्ध नामों में गिने जाते थे।
चौकड़िया फागों में रीतिकालीन काव्य परंपरा की छाप दिखाई देती है, किंतु उनकी अभिव्यक्ति स्थानीय बुन्देली भाषा, लोकानुभव और जनजीवन से जुड़ी हुई है। इनमें मनोरंजन के साथ प्रभावशाली भावाभिव्यक्ति और अलंकारों का सुंदर प्रयोग मिलता है। फड़बाजी ने कवियों को नई उपमाएँ, शब्दालंकार और कल्पनाशील अभिव्यक्तियाँ विकसित करने का अवसर दिया।
ईसुरी की एक प्रसिद्ध चौकड़िया में श्रृंगार और सौंदर्य का ऐसा ही प्रभावशाली चित्रण मिलता है—
छूटे नैन बान इन खोरन, तिरछी भौंय मरोरन।
इन गलियन जिन जाव मुसाफिर, गजब परो इन खोरन।
नोकदार बरछी से पैने, चलत करेजे फोरण।
ईसुर हमने तुम से कैदई, घायल डरे करोरन।
धीरे पंडा और ईसुरी का संबंध
धीरे पंडा और ईसुरी के बीच घनिष्ठ मित्रता थी। धीरे पंडा कवि नहीं थे, बल्कि एक कुशल एवं प्रसिद्ध गायक थे। वे ईसुरी की फागों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते थे। ईसुरी ने भी उनकी गायन प्रतिभा और मित्रता की प्रशंसा में कई फागें रचीं।
एक रचना में उन्होंने धीरे पंडा के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया है—
दोहा-द्विज धीरे खां ईसुर, पौंंचाई परनाम।
दिल जाने दिल सौंप दओ, दिल की जाने राम।
दिल राम हमारी जानें, मिंत झूठ ना मानें।
हम तुम लाल बतात जात ते, आज रात बर्रानें।
सापरतीत आज भई बातें सपनन काये दिखानें।
नां हौ मों हो देख लियत ते, फूले नई समानें।
मांत दिवन मे मोरी ईसुर, तुमे लगो दिल चानें।
आयु बढ़ने के साथ जब ईसुरी स्वयं फाग गायन करने में असमर्थ होने लगे, तब उनके गायन का भार धीरे पंडा पर आ गया। ईसुरी ने इस स्थिति का उल्लेख अपनी फाग में किया है—
आ गए मरबे के दिन नी रे चलन चात जे जी रे।
अब बा देह अगन रई नईयां हाथ पाव सब सीरे।
डारन लगे रात हैं नैयां पत्र होत जब पीरे।
जितनी फाग बनावे ईसुर गावे पंडा धीरे।
इससे स्पष्ट होता है कि वृद्धावस्था में भी ईसुरी की रचनात्मकता बनी रही और उनकी फागें धीरे पंडा के गायन से जन-जन तक पहुँचती रहीं।
बगौरा और बड़े गाँव की पहाड़ी का विवाद
ईसुरी के जीवन से जुड़ा एक अन्य प्रसंग बगौरा और बड़े गाँव की सीमाओं के बीच स्थित पहाड़ी के अधिकार को लेकर हुए विवाद से संबंधित है। लोकविवरण के अनुसार अलीपुर स्टेट के अधिकारियों और हमीरपुर के जिलाधीश के बीच इस पहाड़ी पर अधिकार को लेकर मतभेद था। दोनों पक्ष अपने-अपने अधिकार का दावा कर रहे थे।
इस विवाद पर ईसुरी ने एक लंबी फाग की रचना की थी। उसकी टेक आज भी संबंधित क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में लोकस्मृति का हिस्सा बताई जाती है—
तन तन दोऊ जने गम खावें करो फैसला चायें।
नायं बगोरा को मेडो है बड़े गांव को मायें।
माझ पारिया पै झगड़ा है तूदा फिरत बनायें।
कानूनगो जू कान सें लगकें सबको मंत्र बतायें।
यह प्रसंग ईसुरी की सामाजिक चेतना और समकालीन घटनाओं पर उनकी पैनी दृष्टि को प्रकट करता है।
महाकवि ईसुरी का निधन
महाकवि ईसुरी की मृत्यु के संबंध में उनके शिष्य धीरे पंडा द्वारा रची गई फाग महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसमें उनकी मृत्यु के समय, तिथि और संवत् का उल्लेख मिलता है। इस प्रकार यह रचना ईसुरी के जीवन के अंतिम समय की जानकारी का एक महत्वपूर्ण लोकसाहित्यिक आधार है।
ईसुर तजकें गये शरीरा, हती न एकउ पीरा।
होतन भोर प्यास लग आई, पिये गरम कर नीरा।
अगहन सुदी साते ती उदना, वार सनीचर सीरा।
संवत् उन्निससौ छयासठ में, उड़ गयो मुलक भमीरा।
इस फाग के अनुसार महाकवि ईसुरी का निधन विक्रम संवत् 1966 की अगहन शुक्ल सप्तमी, शनिवार को हुआ था। उनकी आयु लगभग 70 से 72 वर्ष बताई जाती है। अंतिम समय में जब वे बगौरा में अस्वस्थ हुए, तब उनकी पुत्री उन्हें धबार ले गईं। वहीं उनका देहावसान हुआ।
उपसंहार : बुन्देली साहित्य में ईसुरी का अमर योगदान
महाकवि ईसुरी का जीवन संघर्ष, प्रेम, विरह, सामाजिक अनुभव, आध्यात्मिक चिंतन और साहित्यिक साधना का अनूठा संगम था। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन की घटनाओं को लोकजीवन की सामूहिक अनुभूतियों से जोड़ दिया। उनके काव्य में कहीं प्रेमिका के सौंदर्य का चित्रण है, कहीं पत्नी के वियोग की पीड़ा, कहीं पुत्र-वियोग का दुःख, कहीं सामाजिक अन्याय के विरुद्ध प्रतिकार और कहीं ईश्वर के प्रति अटूट आस्था।
ईसुरी की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उन्होंने कठिन जीवन-सत्यों को भी बुन्देली की सहज, सरल और प्रभावशाली भाषा में व्यक्त किया। उनकी फागों में लोकजीवन की सजीवता, भाषा की मिठास, भावों की गहराई और अभिव्यक्ति की अनूठी शक्ति दिखाई देती है।
उन्होंने चौकड़िया फाग को ऐसी लोकप्रियता प्रदान की कि वह बुन्देलखण्ड की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग बन गई। उनके बाद अनेक कवियों ने इस विधा को आगे बढ़ाया, किंतु ईसुरी की काव्य प्रतिभा और लोकमानस पर उनका प्रभाव अद्वितीय बना रहा।
आज भी बुन्देलखण्ड के गाँवों, चौपालों, लोकमंचों और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी फागें गूँजती हैं। उनकी रचनाएँ केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि बुन्देली भाषा, साहित्य और लोकसंस्कृति की जीवंत धरोहर हैं। महाकवि ईसुरी सही अर्थों में बुन्देली लोककाव्य के ऐसे अमर साधक हैं, जिनकी वाणी में पूरा बुन्देलखण्ड बोलता है।
