आज के इस आलेख का शीर्षक पढ़कर शायद कुछ लोग चौंक जाएँ, लेकिन सच तो यह है कि अब पानी सिर से ऊपर गुजर चुका है। आधुनिक यांत्रिक युग की घोर भौतिकतावादी मानसिकता ने हमारे जीवन से प्रकृति का सहज सौंदर्य और उसका आत्मीय संबंध लगभग छीन लिया है। जल, जंगल, जमीन और जनजीवन पर संकट गहराता जा रहा है। प्रकृति के अंधाधुंध दोहन ने ऋतुओं के वैभवशाली संसार को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऋतु-पर्वों और लोकोत्सवों की आनंदगंधी परंपराएँ विलुप्ति के कगार पर पहुँच रही हैं।
हमारी भाषाओं और बोलियों का ललित-लावण्य संसार भी धीरे-धीरे रूखा पड़ता जा रहा है। ऐसे समय में वसंत की चर्चा करना भले ही कुछ लोगों को निरर्थक प्रतीत हो, लेकिन ऋतु-पर्वों और लोकपरंपराओं की चर्चा उतनी ही आवश्यक है, जितनी जीवन के लिए प्राणवायु। प्रकृति हमारी प्राण-संस्कृति है, रस-संस्कृति है। आइए, इसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करें।
प्रकृति के उजड़ते संसार की पीड़ा को व्यक्त करती हुई डॉ. रामविलास शर्मा की इन पंक्तियों को भी स्मरण रखना चाहिए—
वीरान हो चुके हैं सब बाग-बगीचे
और जिबह कर डाले गए हैं सारे के सारे दरख़्त!
विकास के नाम पर शहरों में सीमेंट और कंक्रीट के बियाबान जंगल खड़े हो गए हैं। अमलतास, आम और पलाश के वृक्षों की तो बात ही क्या, दूर-दूर तक सरसों के लहलहाते खेत भी दिखाई नहीं देते। प्रकृति के इन मनोहारी दृश्यों से दूर होते जा रहे शहरी जीवन में भला लोग कैसे अनुभव कर पाएँ कि वसंत कब आया और कब चुपचाप विदा हो गया? अब तो कई बार ऐसा लगता है कि वसंत हमारे शहरों से बिना कोई आहट दिए गुजर जाता है।
बचाए रखना है बौराया हुआ वसंत
हम आज जिस भारतीय सभ्यता और संस्कृति के शिखर पर खड़े हैं, उसका निर्माण करने वाले असंख्य सांस्कृतिक तत्व लोकपरंपराओं की नदियों से प्रवाहित होकर आए हैं। ऋतु-पर्वों की मकरंदमयी हवाओं ने इन्हें पोषित किया है। लोक-उत्सव और लोकपर्व हमारे लोकजीवन के प्राणतत्त्व हैं। इन्हीं से हमारी संस्कृति फूलती-फलती और अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखती है।
आज के यांत्रिक और भौतिकतावादी युग में लोकसंस्कृति के इस प्राणतत्त्व का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। ऐसा न हो कि आने वाली पीढ़ियाँ प्रकृति के सहज सौंदर्य, ऋतुओं के उल्लास और लोकजीवन की आनंदमयी परंपराओं से अपरिचित रह जाएँ। लोकपर्व केवल मनोरंजन के अवसर नहीं हैं, बल्कि उनके भीतर प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व, सामाजिक सद्भाव और जीवन के वैज्ञानिक अनुभवों का गहरा संदेश भी निहित है।
मनुष्य के इसी प्रकृति-बोध और सांस्कृतिक जागरण में विश्वकल्याण का भाव छिपा है। यही भाव संपूर्ण सृष्टि पर प्रेम और आत्मीयता की चादर बिछाता है। प्रकृति का जो विराट वैभव हमें उपलब्ध है, वह हमारी आत्मा का नित्य शृंगार करता है। वन-संपदाएँ, नदियाँ, पर्वत, झरने और धरती की हरियाली केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि हमारे जीवन और अस्तित्व के आधार हैं। इनके भीतर हमें अपना आत्मदर्शन करना चाहिए। समस्त विश्व को आत्मरूप और विश्वरूप में देखने की भारतीय दृष्टि भी हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाती है।
जब हमारा चिंतन इस व्यापक दृष्टि से जुड़ता है, तब फागुन हमें चिरंतनता का बोध कराता है। वह हमें अमरचेता और जीवंत बनाता है। प्रकृति के प्रति प्रेम, लोकपरंपराओं के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भाव जब हमारे जीवन का हिस्सा बन जाता है, तभी वसंत वास्तव में सदैव बौराया रहता है।
आइए, प्रकृति को बचाएँ, लोकपर्वों को जीवित रखें, अपनी भाषाओं और बोलियों के माधुर्य को सँजोएँ और आने वाली पीढ़ियों के लिए वसंत की इस अनमोल विरासत को सुरक्षित करें।
बौराए हुए वसंत और गदराए हुए फागुन की अशेष शुभकामनाओं के साथ।
