1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बाँदा में विद्रोह

बांदा में उस समय अशांति का वातावरण व्याप्त था। नवाब अली बहादुर अपने सलाहकारों, सरकारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को लगातार आश्वासन दे रहे थे कि उन्हें पूर्ववत् उनके पदों पर बनाए रखा जाएगा। तहसीली खजाने में विद्रोहियों द्वारा छोड़े गए 3,492 रुपये प्राप्त हो जाने पर उन्हें वेतन आदि का भुगतान कर दिया जाएगा। इसी बीच देखते ही देखते बांदा में विद्रोह की गतिविधियाँ प्रारम्भ हो गईं।

नवाब के कर्मचारियों में विशेष रूप से राजस्व विभाग तथा पुलिस के चपरासी वेतन मिलने की आशा लगाए बैठे थे। यही कर्मचारी सबसे अधिक असंतोष और विद्रोह के स्वर में बोलते थे। नवाब ने इनमें से कई लोगों को अपने अमले में पहले से अधिक वेतन पर पुनः नियुक्त कर लिया था। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऐसे लोगों को भी अपने यहाँ नौकरी दे दी थी—

1- जिन्होंने नवाब के महल में कलेक्टर मैन पर हमला किया था।

2- जिन्होंने तिरोहां के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कॉकरेल को महल के द्वार पर ही मार डाला था तथा अन्य यूरोपीय व्यक्तियों की भी हत्या की थी।

नवाब को विश्वास हो गया था कि अंग्रेजी सत्ता का अंत हो चुका है। उनके सलाहकारों ने भी उन्हें बताया कि जो गोरे रंग के व्यक्ति अंग्रेजों जैसे दिखाई दे रहे हैं, वे वास्तविक अंग्रेज नहीं हैं। अब तक एक भी अंग्रेज जीवित नहीं बचा है। इन बातों का नवाब पर गहरा प्रभाव पड़ा और उन्होंने भी दंगाइयों का साथ देना स्वीकार कर लिया।

जब अली बहादुर ने बांदा पर अपना आधिपत्य स्थापित कर लिया, तब दिल्ली के सम्राट की ओर से उनके पास एक फरमान भेजा गया।

बांदा में प्रशासनिक व्यवस्था और परिषद का गठन

बागी सिपाहियों के बांदा पहुँचने पर नगर में अफरातफरी का वातावरण उत्पन्न हो गया था। ऐसी स्थिति में नवाब ने बांदा जनपद का प्रशासनिक प्रबंध संभालने के लिए एक परिषद का गठन किया। इसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को शामिल किया गया था—

1- मिर्जा विलायत हुसैन

2- मिर्जा इमदाद अली बेग

3- मीर इन्शा उल्ला

4- मोहम्मद सरदार खाँ — डिप्टी कलेक्टर

5- मीर फरहत अली — तहसीलदार

6- सेठ उदयकरण — महाजन

यह परिषद नवाब के निजी सलाहकारों तथा अन्य कर्मचारियों से अलग थी। नवाब के विशिष्ट सलाहकारों में मिर्जा विलायत हुसैन, मिर्जा गुलाम हैदर खाँ, खाँ बन्ने साहब तथा मीर इन्शा उल्ला प्रमुख थे। इन सभी का नवयुवक नवाब पर अच्छा प्रभाव था। अम्बिका प्रसाद सरिश्तेदार ने भी नवाब की नौकरी स्वीकार कर ली थी।

बांदा की प्रशासनिक व्यवस्था संभालने के बाद पेशवा की ओर से राव साहब के माध्यम से नवाब के पास नजराने के रूप में उपहार भेजे गए। इन उपहारों में जवाहरात भी शामिल थे।

इसी समय दिल्ली के सम्राट की ओर से नवाब को एक फरमान प्राप्त हुआ। नवाब ने नाना पेशवा को पत्र लिखकर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि जब तक आप आवश्यक कदम नहीं उठाएँगे, तब तक मैं दिन-रात चिंतित रहूँगा। कहीं ऐसा न हो कि आदमी और धन के अभाव में, ईश्वर ऐसा न करे, बांदा जिला, जो प्राचीन काल से पेशवा परिवार के अधिकार में रहा है, हमारे हाथों से निकल जाए।

नवाब की सैनिक शक्ति

विद्रोह के प्रारम्भिक दिनों में नवाब के पास पर्याप्त सैनिक शक्ति एकत्रित हो गई थी। उपलब्ध विवरण के अनुसार उनकी सेना का स्वरूप इस प्रकार था—

सैनिक बल संख्या
घुड़सवार 350
बागी नजीब 120
पैदल सैनिक 400
सवार 475
मददगार 300
देशी पलटन के बागी सैनिक 200
अन्य भर्ती सैनिक 3,600
तोपें 14

इन 14 तोपों में 7 पुरानी, 4 नई तथा 3 टूटी हुई तोपें थीं, जिन्हें अजयगढ़ से छीना गया था।

प्रशासन संचालन के लिए नवाब के निर्देश

प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए नवाब ने कुछ महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उनके निर्देशों में मुख्य रूप से निम्नलिखित बातें शामिल थीं—

1- नाना साहब पेशवा और दिल्ली के सम्राट से संबंध

नाना साहब के साथ विश्वास एवं मित्रता के संबंध बनाए रखे जाएँ तथा बादशाह के प्रति पूरी विनम्रता और आज्ञापालन का भाव रखा जाए। एक योग्य एवं बुद्धिमान व्यक्ति को वकील नियुक्त करके कानपुर भेजा जाए, जिसके माध्यम से नाना साहब के साथ पत्रों का आदान-प्रदान होता रहे। उनकी जानकारी के बिना कोई महत्वपूर्ण कार्य न किया जाए।

बांदा की नवाबी सरकार को स्थायित्व प्रदान करने के लिए नाना साहब से लिखित अनुमति अथवा बादशाह से फरमान प्राप्त किया जाए, जिससे बांदा के प्रशासन को वैधानिक मान्यता मिल सके।

2- प्रशासनिक प्रक्रिया

बांदा का प्रशासन चलाने के लिए ब्रिटिश सरकार द्वारा अपनाई गई प्रशासनिक प्रक्रिया को ही लागू किया जाए।

3- आर्थिक व्यवस्था

प्रशासन में कम खर्च और अधिक आमदनी के सिद्धांत को अपनाया जाए।

13 जून 1857 की घोषणा

बांदा जिले में 13 जून 1857 से नवाब का शासन स्थापित हो गया था। इसके बाद नवाब की ओर से जमींदारों के नाम एक घोषणा जारी की गई। इसमें कहा गया था—

इस घोषणा के प्राप्त होने के बाद यदि बांदा जिले की सीमा में कोई हत्या, डकैती, राहजनी अथवा अन्य प्रकार की क्षति होती है, तो संबंधित गाँवों के घरों को नष्ट कर दिया जाएगा, जला दिया जाएगा अथवा तोपों से उड़ा दिया जाएगा। यदि आप सरकार की सहायता करेंगे, तो आपको सुरक्षा प्रदान की जाएगी और पुरस्कृत भी किया जाएगा।

हस्ताक्षर एवं मुहर

अदालत फौजदारी बुन्देलखण्ड

घोषणा में आगे कहा गया था—

ईश्वर की कृपा से यह क्षेत्र देशी शासन के अधीन आ गया है। नवाब साहब शासन कर रहे हैं। अतः कोई भी व्यक्ति ब्रिटिश सरकार की किसी भी आज्ञा का पालन न करे।

नोट: यह घोषणा मूल रूप से उर्दू भाषा में थी। बाद में इसका हिंदी अनुवाद प्रसारित किया गया। इस घोषणा-पत्र पर मोहम्मद सरदार खाँ के उर्दू में हस्ताक्षर अंकित थे।

नवाब द्वारा प्रशासनिक नियमावली का निर्माण

बांदा जिले का शासन-प्रबंध संभालने के तुरंत बाद नवाब ने प्रशासन के संचालन के लिए एक नियमावली तैयार कराई। इसके प्रमुख नियम निम्नलिखित थे—

1- दरबार का समय

हुजूर दरबार-ए-खास में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपस्थित रहेंगे। दरबार-ए-आम का समय दोपहर 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक निर्धारित किया गया था।

2- दरबार-ए-खास का कार्य

दरबार-ए-खास में विशेष रूप से प्रशासन संबंधी मामलों पर विचार किया जाएगा। राजस्व संबंधी सनदें भी अधिकारियों को प्रदान की जाएँगी। नाजिम, मुन्तजिम, मन्सरिम तथा सेनापतियों को उनके कर्तव्यों और अधिकारों का विवरण देते हुए सनदें जारी की जाएँगी। इन सनदों पर हुजूर की मुहर और हस्ताक्षर होंगे।

कलेक्टर को राजस्व तथा फौजदारी मामलों में जो अधिकार प्राप्त थे, वे सभी अधिकार नाजिम में निहित होंगे। मुन्तजिम और मन्सरिम नाजिम के अधीन रहेंगे। उनके कर्तव्य और अधिकार वही होंगे, जो डिप्टी कलेक्टर के होते हैं।

3- विशेष अधिकार

फौजदारी, जागीरदारी, कलेक्टरी तथा सेना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण मामले नवाब के अधिकार क्षेत्र में रहेंगे।

4- न्यायिक व्यवस्था

अपराधियों को दंड देने के लिए एक मुफ्ती नियुक्त किया जाएगा। अपराधियों को मुस्लिम विधि के अनुसार दंडित किया जाएगा।

प्रशासनिक व्यवस्था को चलाने के लिए नवाब ने तत्काल मौदहा तहसील में 100 आदमी भेजकर 16,000 रुपये मँगवाए तथा सियोढ़ा से भी कुछ धनराशि प्राप्त की।

प्रशासनिक परिषद के पदाधिकारी

प्रशासन के संचालन के लिए 7 जून को एक परिषद का गठन किया गया। इसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं—

अधिकारी का नाम पद
मोहम्मद सरदार खाँ डिप्टी कलेक्टर एवं नाजिम
मीर इन्शा अल्लाह कामदार एवं सिपहसालार
मुन्ने खाँ सेना अधीक्षक
मिर्जा विलायत हुसैन नायक रियासत
मीर फरहत अली मुसरिम एवं नाजिम के सहायक
मिर्जा इमदाद अली बेग मुन्तजिम, खजाना
उदयकरण सेठ बैंकर
मोहम्मद आले बदरे डिप्टी कलेक्टर, बांदा
एहसान अली निजाम

बांदा के आसपास विद्रोही गतिविधियाँ

जिस समय बांदा नगर में विद्रोहात्मक गतिविधियाँ चल रही थीं, उस समय आसपास का क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं था। देशपत, मुकुन्द सिंह तथा फरजंद अली के नेतृत्व में विद्रोहियों के विभिन्न दल क्षेत्र में अशांति फैला रहे थे।

जालौन के पंडितों ने खण्डेह का परगना अपने अधिकार में ले लिया था। पन्ना, चरखारी तथा बरौंधा रियासतों ने भी बांदा के बदौसा और सियोढ़ा परगनों पर ब्रिटिश सरकार की ओर से कब्जा कर लिया था। दूसरी ओर बांदा जिले की जनता भी हथियारों से लैस होकर आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट करने लगी थी।

जून 1857 में जब विद्रोह व्यापक रूप धारण करने लगा, तब विद्रोहियों ने अपना पहला निशाना कालिंजर के किले को बनाया। नवाब की सैन्य शक्ति लगातार बढ़ रही थी और वह ब्रिटिश सेना का बहादुरी से मुकाबला कर रहा था। ऐसे ही एक सैन्य संघर्ष का वर्णन मोहम्मद नसीर खाँ के पत्र से मिलता है। मोहम्मद नसीर खाँ नवाब के मुसाहिब थे। उन्होंने यह पत्र फर्रुखाबाद में रहने वाले अपने भाई को लिखा था।

इस पत्र में युद्ध का वर्णन करते हुए उन्होंने लिखा—

एक दिन यहाँ घमासान युद्ध हुआ। सुबह से ही इस युद्ध में सभी प्रकार के अस्त्र-शस्त्रों का प्रयोग किया गया। नवाब ने जब देखा कि उनकी सेना पीछे लौट रही है और तोपें भी हटाई जा रही हैं, तो वे बहुत क्रोधित हुए। तब मैं (मोहम्मद नसीर खाँ) अपने सिपाहियों के साथ आगे बढ़ा और तोपों से ओलों की तरह गोले बरसाए। इसके बाद नवाब ने हिम्मत बाँधी और स्वयं भी युद्ध में कूद पड़े। दुश्मन भाग गए और हमें विजय प्राप्त हुई।

बांदा का सामरिक महत्व

ब्रिटिश सरकार बांदा में अपना सैनिक अड्डा स्थापित करने के लिए अत्यंत उत्सुक थी। इसका प्रमुख कारण बांदा की भौगोलिक एवं सामरिक स्थिति थी। बांदा इलाहाबाद, कानपुर तथा आगरा के मध्य स्थित होने के कारण सैनिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान था।

इस क्षेत्र में अनेक किले, ऊँचे-नीचे मैदान तथा घाटियाँ थीं। युद्ध सामग्री एकत्रित करने और सैनिक गतिविधियों के संचालन के लिए यह स्थान अत्यंत उपयोगी था। अंग्रेजों का मानना था कि यदि एक बार ब्रिटिश सेना बांदा में अपना स्थायी अड्डा बना लेती है, तो उसे वहाँ से हटाना बहुत कठिन होगा।

नवाब अली बहादुर के पत्र और दिल्ली के सम्राट से संबंध

नवाब बांदा का इसी प्रकार का एक अन्य पत्र 21 मोहर्रम 1274 हिजरी का है, जो उन्होंने सैय्यद मुजफ्फर तथा सैय्यद रफीउद्दीन हैदर खाँ बहादुर को लिखा था। इस पत्र में नवाब ने उनके राज्य की उन्नति और समृद्धि की कामना की थी।

इस अवसर पर सभी लोगों ने बधाइयाँ दीं। उनमें इस बात को लेकर प्रसन्नता थी कि संसार के समस्त अवगुण अब अंग्रेजों में आ गए हैं और सभी की मनोकामनाएँ पूरी हो गई हैं।

नवाब बांदा ने आगे लिखा कि उनकी इच्छा थी कि वे स्वयं शाही दरबार में उपस्थित होकर सम्राट के दर्शन करें, लेकिन परिस्थितियों के कारण ऐसा कर पाना संभव नहीं था। उन्होंने लिखा कि यहाँ कुछ तथाकथित वफादार लोगों द्वारा भारी उपद्रव किया जा रहा है। इनमें विशेष रूप से बुन्देलखण्ड के राजा-महाराजा शामिल हैं, जो सदैव अंग्रेजों के सहयोगी रहे हैं। वे यह भूल गए हैं कि सम्राट का वैभव और प्रभाव कितना व्यापक है। नवाब ने अपनी चिंताओं और परेशानियों का भी उल्लेख किया।

नवाब ने यह आशा व्यक्त की कि यदि सम्राट की सेना इस क्षेत्र में आती है, तो बुन्देलखण्ड का समस्त क्षेत्र सम्राट के अधीन हो जाएगा। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें आपके उदार स्वभाव और सहयोग के संबंध में सैय्यद मोहम्मद नसीर खाँ के माध्यम से बहुत कुछ सुनने को मिला है। नसीर खाँ आपको यहाँ की परिस्थितियों से अवगत कराएँगे।

इन पत्रों से स्पष्ट होता है कि बुन्देलखण्ड के अनेक राजा-महाराजा अंग्रेजों के सहयोगी थे। दूसरी ओर नवाब बांदा की इच्छा थी कि अंग्रेजों को बांदा से बाहर निकालकर यहाँ की नवाबी को दिल्ली के सम्राट के अधीन बनाए रखा जाए।

नवाब के अन्य पत्र और सैनिक सहायता के प्रयास

एक अन्य पत्र 26 मोहर्रम 1274 हिजरी को नवाब ने सैय्यद जुलफिकार उद्दीन हैदर खाँ बहादुर (नाजिम जंग) को लिखा था। इसमें उन्होंने अपने विश्वसनीय व्यक्ति सैय्यद मोहम्मद नसीर खाँ को उनके पास भेजने की सूचना दी थी, जो बांदा की परिस्थितियों से उन्हें अवगत कराने वाले थे।

नवाब ने लिखा कि जिस दिन से सम्राट का शासन प्रारम्भ हुआ है, उसी दिन से वे बहुत प्रसन्न हैं। यदि सम्राट की ओर से उन्हें थोड़ी-सी भी सहायता मिल जाए, तो वे इस क्षेत्र से अंग्रेजों को बाहर निकाल देंगे।

नवाब ने एक अन्य पत्र खान साहब नजीरी तथा मिर्जा अली उद्दौला खाँ बहादुर, नाजिम जंग को लिखा था। इसमें उन्होंने बताया कि बुन्देलखण्ड के राजा-महाराजाओं ने जनता की संपत्ति को नष्ट करना शुरू कर दिया है। एक राजा, जिसे अपने भविष्य की भी चिंता नहीं है, सेना एकत्रित करके बांदा से थोड़ी ही दूर आ पहुँचा है और उनसे युद्ध करना चाहता है। पिछले दो महीनों से उसके साथ संघर्ष चल रहा है।

उक्त पत्र में जिस राजा का उल्लेख किया गया है, वह संभवतः अजयगढ़ के राजा रणधीर सिंह थे।

नवाब बांदा अपनी सैनिक शक्ति बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने अनेक प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ पत्र-व्यवहार किया। यमुना पार स्थित फतेहपुर से उन्हें विशेष आशा थी। वहाँ से नसरुद्दीन हैदर बहादुर के माध्यम से वे संभवतः दिल्ली अथवा अवध के प्रमुख व्यक्तियों तक अपनी बात पहुँचाते थे।

मोहम्मद वजीर खाँ को बांदा बुलाने का पत्र

नवाब बांदा ने 26 मोहर्रम 1274 हिजरी को सैय्यद मोहम्मद नसीर खाँ से भी पत्र-व्यवहार किया था।

चरखारी के राजा की नौकरी में कार्यरत मोहम्मद वजीर खाँ को नवाब ने सपरिवार बांदा बुलाने का प्रयास किया। अपने पत्र दिनांक 3 सफर 1274 हिजरी में उन्होंने मोहम्मद वजीर खाँ को लिखा कि आपके साले खान साहब का परिवार फतेहपुर से बांदा आ गया है। इसलिए आपके लिए भी यहाँ आने का यह अच्छा अवसर है।

नवाब ने आगे लिखा कि यदि चरखारी के राजा आपको छुट्टी नहीं देते हैं, तो आप त्यागपत्र दे दीजिए, क्योंकि बांदा आना आवश्यक है। यहाँ मित्रों तथा रिश्तेदारों से मिलना भी जरूरी है।

नवाब ने अपने पत्र में आत्मीयता व्यक्त करते हुए लिखा—

बांदा के संबंधों को वैसा ही समझिए, जैसा कि यह आपका अपना घर हो। जो कुछ मैं खाऊँगा, वही आप भी खाएँगे।

आगे नवाब ने कटारा को भी तत्काल बांदा भेजने के लिए लिखा। उन्होंने कहा कि आप मेरे विश्वसनीय व्यक्ति हैं, इसलिए मैं आपको यह सब लिख रहा हूँ। अन्यथा मैं किसी दूसरे व्यक्ति को इस प्रकार नहीं लिखता।

इस पत्र में नवाब ने अपने बुलाने का वास्तविक उद्देश्य भी स्पष्ट किया। उन्होंने लिखा कि उनका मुख्य उद्देश्य तिरोहां की यात्रा करना है, जहाँ से बड़ी धनराशि प्राप्त करनी है, ताकि सेना का खर्च चलाया जा सके।

नवाब ने आगे बताया कि दानापुर के बागी सिपाहियों की तीन रेजीमेंटें, जो नागौद गई थीं, सफलता के साथ बांदा लौट रही हैं। वे भी उनकी नौकरी में रहेंगी। नवाब ने लिखा कि वे उन्हीं सैनिकों के साथ तिरोहां जाएँगे और बांदा की शेष सेना भी अपने साथ रखेंगे। यदि इस अवसर पर आप भी शामिल हो जाएँ, तो बहुत अच्छा होगा। अन्यथा कटारा को ही भेज दीजिए।

नवाब ने यह भी बताया कि उन्होंने अंग्रेजी सरकार से कालिंजर का किला छीन लिया है और अब वह उनके अधिकार में है। नागौद गई हुई सेना ने लौटते समय कालिंजर पर विजय प्राप्त की थी।

नाना साहब पेशवा के प्रति नवाब की निष्ठा

बांदा के नवाब अली बहादुर नाना साहब पेशवा के भी प्रबल समर्थक थे। उन्होंने शाहगढ़ के राजा को लिखे अपने एक पत्र में कहा था—

ईश्वर की कृपा से सम्राट (बहादुर शाह) का शासन स्थापित हो गया है।

इस कथन से स्पष्ट होता है कि नवाब अली बहादुर 1857 के विद्रोह को केवल अंग्रेजों के विरुद्ध सैनिक संघर्ष के रूप में नहीं देख रहे थे, बल्कि वे दिल्ली के सम्राट बहादुर शाह जफर के अधीन भारतीय शासन की पुनर्स्थापना के पक्षधर भी थे।

बांदा में अपनी नवाबी सत्ता को स्थापित और सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था का गठन किया, सेना का विस्तार किया, आर्थिक संसाधन जुटाए तथा नाना साहब पेशवा और दिल्ली के सम्राट से लगातार संपर्क बनाए रखा।

इस प्रकार 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में नवाब अली बहादुर की भूमिका बुन्देलखण्ड के राजनीतिक और सैनिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना है। उनके नेतृत्व में बांदा अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध विद्रोह का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा।

आधार एवं संदर्भ ग्रंथ

इस लेख के ऐतिहासिक विवरणों के लिए निम्नलिखित अभिलेखों, दस्तावेजों और पुस्तकों का उपयोग किया गया है—

  1. History of Freedom Movement in India – Vindhya Pradesh Committee — रणजोर सिंह का हस्तलिखित विवरण (Narration of Ranjore Singh)।
  2. राष्ट्रीय अभिलेखागार, भारत — Political Proceedings, दिनांक 31-12-1858, अनुक्रमांक 3624। बांदा के मजिस्ट्रेट की ओर से कमिश्नर, चतुर्थ संभाग के नाम पत्र संख्या 163, दिनांक 4-8-1858 तथा नवाब बांदा की ओर से नाना साहेब बहादुर के नाम पत्र।
  3. राष्ट्रीय अभिलेखागार, भारत — Consultations:
  • क्रमांक 205, दिनांक 26-1-1858 — दुर्गा प्रसाद का बयान।
  • क्रमांक 248-256 — दिनांक एवं विवरण मूल संदर्भ के अनुसार; मिस्टर मैन की रिपोर्ट का अंश तथा कमिश्नर, चतुर्थ संभाग को भेजी गई रिपोर्ट संख्या 406, दिनांक 10-11-1858।
  1. राष्ट्रीय अभिलेखागार, भारत — Consultations, क्रमांक 832 के.डब्ल्यू., दिनांक 26-7-1857, Political; पत्र संख्या 328, दिनांक 30-6-1856।
  2. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 2 के अनुसार।
  3. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 3 (1) के अनुसार।
  4. राष्ट्रीय अभिलेखागार — Secret Proceedings, दिनांक 25-6-1857, अनुक्रमांक 3628। बांदा के मजिस्ट्रेट की ओर से कमिश्नर, चतुर्थ संभाग के नाम पत्र संख्या 163, दिनांक 4-8-1858 तथा नवाब का शाहगढ़ के राजा के नाम पत्र।
  5. राष्ट्रीय अभिलेखागार — Political Proceedings, दिनांक 18-12-1857, प्रथम भाग, अनुक्रमांक 184-185। बुन्देलखण्ड के पॉलिटिकल असिस्टेंट की ओर से भारत सरकार के नाम पत्र संख्या 48, दिनांक 2-12-1857 तथा नवाब बांदा की घोषणा, दिनांक 13-6-1857।
    द्वितीय संदर्भ: Consultations, क्रमांक 265, दिनांक 26-1-1858 — दुर्गा प्रसाद का बयान।
  6. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 7 के अनुसार।
    अन्य संदर्भ:
  • Secret Dispatch, Governor General, 1857, अनुक्रमांक 182, दिनांक 2-7-1857 — पॉलिटिकल असिस्टेंट की ओर से भारत सरकार के नाम पत्र।
  • Consultations, क्रमांक 332-335, दिनांक 25-6-1857 तथा बालादास घोष का बयान, दिनांक 25-8-1857।
  1. राष्ट्रीय अभिलेखागार — Consultations, क्रमांक 382-383, दिनांक 25-6-1857, Secret; बुन्देलखण्ड के पॉलिटिकल असिस्टेंट का पत्र संख्या 328, दिनांक 16-6-1857।
  2. राष्ट्रीय अभिलेखागार — Political Proceedings, दिनांक 31-12-1858, ग्यारहवाँ भाग, अनुक्रमांक 2164। कमिश्नर, चतुर्थ संभाग की ओर से पश्चिमोत्तर प्रांत सरकार के नाम पत्र संख्या 1574, दिनांक 26-7-1858 तथा मोहम्मद नसीर खाँ का पत्र।
  3. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 11 के अनुसार। नवाब बांदा का 26 मोहर्रम 1274 हिजरी का पत्र सैय्यद मुजफ्फरउद्दौला तथा सैय्यद रफीउद्दीन के नाम।
  4. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 11 के अनुसार। नवाब बांदा का 26 मोहर्रम 1274 हिजरी का पत्र सैय्यद जुलफिकारुद्दीन हैदर खाँ बहादुर के नाम।
  5. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 11 के अनुसार। नवाब बांदा का खान साहब नजीरी तथा मिर्जा वसीउद्दौला खाँ बहादुर के नाम पत्र।
  6. राष्ट्रीय अभिलेखागार — संदर्भ संख्या 11 के अनुसार।
  7. डॉ. ताराचंद — Freedom Movement in India, पृष्ठ 66।

बुन्देली झलक (बुन्देलखण्ड की लोक कला, संस्कृति और साहित्य)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *