विसरत नहीं होली की रंग-फुहार
एक रंग, एक स्मृति और एक सौगन्ध का संस्मरण
वे सामयिक तीज-त्योहारों पर परिचर्चाएँ आयोजित करते रहते हैं। एक दिन सुबह-सुबह मेरे घर आ धमके। आते ही बोले—
“पराग जी, एक बहुत सुंदर शीर्षक हाथ लगा है—‘विसरत नहीं होली की रंग-फुहार’। आप इस पर अपना एक अच्छा-सा संस्मरण लिखकर दे दीजिए, तो मजा आ जाएगा।”
मैंने उन्हें ऊपर से नीचे तक देखा और मुस्कराते हुए कहा—“लगता है, आपको गैस आसानी से मिल जाती है, घासलेट भी चार-छह महीने के लिए जमा कर रखा होगा। वरना आज के हालात में होली की रंग-फुहार का आनंद लेने की बात कैसे सूझती?”
वे तनिक भी विचलित नहीं हुए। बोले—“देखिए, मजाक में मत टालिए। मैं अपने शीर्षक और होली के प्रति सचमुच गंभीर हूँ। आपको कुछ न कुछ कहना ही पड़ेगा।”
मैं जानता था, वे इतनी आसानी से पीछा छोड़ने वाले नहीं हैं। सो, सुई की बारीक नोक से अपने अतीत को कुरेदने लगा।
जब मैं मात्र चौदह बरस का था, तभी मेरा विवाह कर दिया गया था। आप समझ ही गए होंगे कि अल्पायु में ही पति बना दिए जाने के कारण मैंने होली खेलने का अधिकार लगभग खो दिया था। होली आती, मन रंगों के लिए मचलता, किसी के नाम की पिचकारी भरने को हाथ उठता, लेकिन भीतर बैठी आत्मा तत्काल धिक्कार उठती—
‘छिः! शर्म नहीं आती तुम्हें? एक पत्नी का पति होकर भी दूसरों के नाम पिचकारी भरते फिरते हो!’
बस, मेरी भरी-भराई पिचकारी मन के भीतर ही पिचपिचाकर रह जाती।
मेरी आर्थिक स्थिति भी कोई बहुत अच्छी नहीं थी। सोचता, जितने पैसों में रंग और पिचकारी खरीदूँगा, उतने में कागज और कार्बन आ जाएगा। कुछ लिखने-पढ़ने का काम हो जाएगा। फिर मेरे भीतर बैठा व्यंग्यकार भी रंगों की उमंग पर फुसफुसाकर पानी फेर देता।
चारों ओर हाय-तौबा मची हुई है। लोग बंदूकों, बमों और मिसाइलों से बारूद की होली खेल रहे हैं। ऐसे में रंगों की होली खेलने की सूझ रही है! कभी-कभी लगता है, ऐसी हुड़दंगी होली का भी क्या अर्थ, जिसमें रंग उठाया और बिना सोचे-समझे किसी पर भी उड़ेल दिया। अरे, रंग तो वहीं डालो जहाँ मन मिले! लेकिन मन मिलने के हालात रह कहाँ गए हैं इस देश में?
इन तमाम विचारों के बावजूद यदि कभी होली खेलने को मन मचलता, तो मेरी प्राण-प्यारी पत्नी होली की पूर्वसंध्या पर मंडप के नीचे लिए गए सात-पाँच वचनों को दुहराकर अधिकारपूर्वक मेरे मन की सारी उमंग कुचल देती।
वह कहती—
“देखो, होली खेलना तो दूर, होली के बहाने किसी दूसरी की ओर नजर उठाकर भी मत देखना। नहीं तो…!”
फिर मुझे अपनी ओर देखकर हँसने को कहती—
“मुझे देखकर हँसते क्यों नहीं? मुझ पर रंग क्यों नहीं डालते? मैं बुरी लगती हूँ क्या? कितना चाहती हूँ मैं तुम्हें! तुमने आज तक मुझे कुछ नहीं दिया, माथे की एक छोटी-सी बिंदी तक नहीं, फिर भी मैं तुम्हें तन, मन और धन से प्यार किए जा रही हूँ। मेरे सत्यवान, मैं तुम्हारी सावित्री हूँ। मेरे राम, मैं तुम्हारी सीता हूँ। मेरे भोले, मैं तुम्हारी पार्वती हूँ। मगर ध्यान रखना, जरूरत पड़ी तो मैं महाकाली भी बन सकती हूँ!”
परंपरा के अनुसार एक होली पर जब उसने अपने सात-पाँच वचन फिर दुहराए, तो मैंने भी उसे समझाने की कोशिश की—
“देखो, तुम सचमुच अच्छी हो। मुझे भी अच्छी लगती हो, लेकिन तुम मेरी पत्नी हो! पत्नी, पत्नी होती है, मजाक की चीज थोड़े ही है। पत्नी घर में रहती है, घर की मर्यादाएँ होती हैं और मर्यादाएँ तोड़ी नहीं जा सकतीं।
भला कोई पति अपनी पत्नी को देखकर कैसे हँस सकता है? कोशिश करेगा भी तो उसकी हँसी काँटा गड़ी साइकिल की ट्यूब की तरह फुस्स होकर रह जाएगी। मैंने आज तक किसी पति को अपनी पत्नी से खुलकर हँसी-मजाक करते नहीं देखा। तुम्हें जाने किसने भरमा दिया कि पति-पत्नी के बीच हँसी-मजाक का भी रिश्ता होता है! अरे, उनके बीच तो पैसा और रोटी का रिश्ता होता है। पति पैसा कमाता है, पत्नी रोटी बनाती है। इसी पैसे और रोटी के रिश्ते से बच्चे पैदा होते हैं और फिर दोनों उनके पालन-पोषण में जुट जाते हैं।”
मैंने थोड़ी देर रुककर गंभीर मुद्रा बनाई, फिर कहा—
“हाँ… एक उपाय है। अगर तुम मुझसे हँसना ही चाहती हो, तो कल बन-ठनकर गाँव के बाहर बगीचे में मिलना। मैं तुम्हें देखकर ‘हाउ स्वीट’ कहूँगा और तुम ‘हाय, मैं मर गई!’ कहकर बलखाती हुई लता की तरह मुझसे लिपट जाना।”
बस, इतना सुनना था कि पत्नी तुनककर अर्ध-महाकाली बन गई।
“शर्म नहीं आती तुम्हें ऐसी बेहूदा बातें करते हुए? तुम भूल से भी राह में छेड़ मत बैठना, नहीं तो मैं तुम्हारा मुँह नोंच लूँगी! जो करना है घर में करो न, घर किसलिए है? मैं तुम्हारी पत्नी हूँ और पत्नी ही रहना चाहती हूँ। बेहया प्रेमिका बनकर सड़क पर इठलाती फिरूँ और अपनी इज्जत धूल में मिला दूँ? यह मुझसे नहीं होगा!”
तो साहब, इसी तरह दिन गुजर रहे थे। मैं रंगों की पहचान धीरे-धीरे भूलता चला जा रहा था। शायद पूरी तरह भूल भी जाता, लेकिन जीवन में एक ऐसी घटना घट गई, जिसे दुर्घटना इसलिए नहीं कह सकता, क्योंकि उसकी स्मृति आज तक मेरे भीतर सुरक्षित है—और शायद उसके भीतर भी।
तब मैं अठारह वर्ष का था और वह सत्रह वर्ष की। गाँव की पढ़ाई पूरी करके पहली बार शहर के कॉलेज में दाखिला लिया था। जिस मोहल्ले में मैं किराए के एक छोटे-से कमरे में रहता था, उसी मोहल्ले में वह अपने बड़े-से मकान में रहती थी।
होली के ठीक अगले दिन मेरी परीक्षा थी। इसलिए घर से दूर रहने का मुझे एक ऐसा अवसर मिल गया था, जिसे मैं किसी स्वतंत्रता दिवस से कम नहीं समझ रहा था। मन प्रसन्न था कि इस बार होली की एक सुबह तो अपनी मर्जी से बिताऊँगा। मगर होली के ठीक एक दिन पहले पत्नी का सात-पाँच वचनों को दुहराता पत्र आ पहुँचा। इस बार उसने यह भी याद दिलाया था कि मैं पिता बनने वाला हूँ। यानी रही-सही हँसी का अधिकार भी छिन गया था!
मैं पत्नी के गुस्से का सारा ठीकरा विश्वविद्यालय के सिर फोड़ता हुआ अगले दिन के पेपर की तैयारी कर रहा था।
दूर कहीं कव्वालियाँ हो रही थीं। ‘हुस्न और इश्क’ का जंगी मुकाबला चल रहा था। मैंने सोचा—काश! पत्नी का पत्र न आया होता, कल परीक्षा न होती और मैं पिता बनने वाला न होता, तो इस ‘हुस्न और इश्क’ के जंगी मुकाबले में जरूर शामिल होता।
पर हाय री किस्मत! उस दिन पहली बार जी भरकर अपने माँ-बाप को कोसा। पता नहीं, कच्ची उम्र में ब्याह रचाकर उन्होंने मुझसे किस जन्म का बैर भंजाया था!
तभी हौले-हौले दरवाजे की साँकल खनक उठी।
मेरे दिल की धड़कनें तेज हो गईं। यद्यपि मैं किसी की प्रतीक्षा नहीं कर रहा था, फिर भी न जाने क्यों लगा कि साँकल उसी ने बजाई है। इस कल्पना मात्र से मन में भय, आश्चर्य और उल्लास की मिली-जुली प्रतिक्रिया हुई, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।
साँकल फिर खनकी।
मैं उठा और दरवाजा खोल दिया।
हाँ… वही थी! मेरी कल्पना साकार होकर सामने खड़ी थी। उसके हाथ में प्लास्टिक का एक जग था, जिसमें गुलाबी रंग ऊपर तक छलक रहा था। कुछ वैसा ही रंग उसकी आँखों और कपोलों पर भी छलक रहा था। एक क्षण को मुझे लगा, जैसे उसने अपने नेत्र और कपोल धोकर ही उस जग में भर लिए हों।
मैं स्तब्ध होकर उसे देख रहा था।
वह मेरे बगल से रास्ता बनाती हुई कमरे के भीतर आई और बिना किसी भूमिका के बोली—
“भाई साहब…! आपके ऊपर रंग डालना है।”
“र…अँ…अँ…ग…?”
मेरी रूह काँप गई। हवा का एक झोंका आया, तो टेबल पर पड़ा पत्नी का पत्र फरफराकर अपनी सजग उपस्थिति का आभास करा गया।
“हाँ…!”
उसका खनकता स्वर मेरी धमनियों में उतर गया। रक्त में एक अनजानी सनसनाहट दौड़ गई। रात का सन्नाटा, एकांत कमरा, दूर से आती ‘हुस्न और इश्क’ के मुकाबले की आवाज… मैं धीरे-धीरे किसी स्वप्नलोक में डूबता जा रहा था।
एक जग में कितना रंग होगा! काश, वह दोनों हाथों में बाल्टियाँ भरकर लाई होती!
“कहाँ खो गए, भाई साहब?” उसने मुझे चेताया।
“अँ…अँ…?” मैं जैसे नींद से जागा। “तुम मुझे भाई साहब भी कहती हो और रंग भी डालना चाहती हो! या तो जीजा जी, देवर जी जैसा कुछ कहो, या परसों दूज के दिन टीका लगाने आ जाना।”
वह तुनक गई।
“आप कहेंगे, तो वह भी कर लूँगी। पर आज तो रंग डालकर ही जाऊँगी। आप न तो मेरे पति के छोटे भाई हैं और न मेरी बहन के पति, जो देवर जी या जीजा जी जैसा कुछ कहूँ। फिर भाई साहब एक संबोधन है, कोई रिश्ता नहीं! पूरे नौ महीने हो गए आपको कॉलेज में पढ़ते हुए, इतना भी नहीं सीख पाए? भाई साहब कहना तो कॉलेज की संस्कृति है। तो डाल दूँ आप पर रंग?”
“पर तुम मुझ पर ही रंग क्यों डालना चाहती हो?”
“पहली बात तो यह कि आप मुझे अच्छे लगते हैं। इतने दिन हो गए आपको मेरे पड़ोस में रहते हुए, लेकिन गलत क्या, आज तक आपने मुझे सही दृष्टि से भी नहीं देखा। दूसरी बात यह कि इस वर्ष गर्मियों में मेरी शादी होने वाली है। मैं ससुराल चली जाऊँगी।”
“तुम्हारे ससुराल जाने का मेरे ऊपर रंग डालने से क्या संबंध है?”
“आप तो एकदम बुद्धू हैं! मान लीजिए, शादी के बाद मेरे पति ने पूछा कि शादी से पहले तुमने किसी लड़के के साथ होली खेली या नहीं, तो उन्हें क्या कहूँगी?”
“तो कह देना—नहीं।”
“यही तो मुसीबत है! यदि मैं कहूँगी नहीं, तो उन्हें विश्वास नहीं होगा। शादी से पहले के ऐसे किसी नहीं पर किसी भी पति को विश्वास नहीं होता।”
“तो मोहल्ले के किसी लड़के पर डाल लो।”
“आप इन शहर के लड़कों को नहीं जानते। यदि मैंने भूल से किसी पर एक बूँद रंग डाल दिया, तो मेरे लिए जीवन भर की मुसीबत खड़ी हो जाएगी। फिर मैं ऐसी-वैसी लड़की नहीं हूँ कि चाहे जिस पर रंग डालती फिरूँ। आप देहात से आए हैं, सीधे-सादे हैं, इसलिए मैंने सोचा, आप पर रंग डाल लूँ।”
उस दिन पहली बार मुझे अपने देहाती होने पर गर्व हुआ।
मैंने कहा—“तुम मानोगी नहीं?”
“ओफ्फो! एक सुंदर षोडशी आपके सामने रंग लिए खड़ी है और आप हैं कि नखरे किए जा रहे हैं। जल्दी करिए न! कल पेपर भी है।”
“अच्छी बात है,” मैं खड़ा हो गया। “तुम यह बताओ, मुझ पर रंग डालना चाहती हो या मेरे कपड़ों पर?”
“आप पर!”
“तो ठहरो, मैं अपने सारे कपड़े उतार देता हूँ।”
“सारे कपड़े…?”
उसके हाथ का जग छलककर उसकी ही सलवार भिगो गया।
“नहीं,” मैं हँसा, “सेंसरशिप का ध्यान रखूँगा।”
“आप कपड़े उतारना ही क्यों चाहते हैं?”
मैंने कहा—“तुम तो रंग डालकर ससुराल चली जाओगी, लेकिन मुझे तो अपने मायके जाना पड़ेगा। वहाँ मेरी ‘धर्मपत्नी’ रहती है। यदि उसने मेरे कपड़ों पर रंग की छाया भी देख ली, तो…? मैं उसे महाकाली के रूप में नहीं देखना चाहता।”
“बहुत डरते हैं भाभी जी से?”
वह हँसी।
“डरता नहीं हूँ। प्यार करता हूँ।”
“हर पति अपने डर को प्यार ही कहता है। खैर, उससे मुझे क्या! चलिए, कपड़े भी उतार लीजिए।”
तो भाई साहब, आप विश्वास करें या न करें, उस रात के सन्नाटे में, उस एकांत कमरे में, मैं अपने कपड़े उतारकर खड़ा हो गया।
उसने पूरे मनोयोग से, आहिस्ता-आहिस्ता मेरे कपोलों पर, मेरे वक्षस्थल पर रंग लेप किया। फिर मुझे अपने रंग में रंगा देखकर खिलखिला पड़ी। बोली—
“कितने अच्छे लग रहे हैं आप! आपसे एक निवेदन है कि इस घटना का उल्लेख किसी और से न करें। आपको इस ‘रंग की सौगन्ध’।”
मैं उससे कुछ कह पाने की स्थिति में आ पाता, इससे पहले ही वह चली गई।
मैं पूरी रात उसी स्थान पर बैठा रहा। लेटने का मन ही नहीं हो रहा था। डरता था, कहीं लेटा तो रंग छूट जाएगा। मुझे लगता था, यह रंग सारी जिंदगी मेरे तन पर इसी तरह चढ़ा रहे।
लेकिन ऐसा कब तक चलता?
सुबह हो गई। मैं उठा, नहाया, खाया और परीक्षा देने चला गया। उस दिन उत्तर पुस्तिका में मैंने क्या लिखा, यह आज तक याद नहीं। परीक्षा भवन से बाहर निकलते ही सीधा बाजार गया। उसके लिए क्रीम, पाउडर, काजल, माथे की बिंदी—गरज यह कि सोलहों शृंगार का सामान खरीदा। मन में सोचा, अगली मुलाकात होगी तो ये सारी चीजें उसे उपहार में दे दूँगा।
लेकिन वे सारी चीजें आज तक मेरे पास ज्यों की त्यों सुरक्षित हैं।
बहुत बार मन हुआ कि अपनी पत्नी से इस घटना का उल्लेख करके शराफत की डींगें मारूँ, लेकिन डरता हूँ, कहीं वह फिर महाकाली न बन जाए।
और फिर…
उसके द्वारा दी गई ‘रंग की सौगन्ध’ भी तो नहीं तोड़ सकता!
आज भी जब होली आती है, रंग उड़ते हैं, गुलाल बिखरता है, लोग हँसते हैं, गाते हैं, एक-दूसरे को रंगों में सराबोर करते हैं—तब मन के किसी कोने में वह गुलाबी रंग का जग, वह एकांत कमरा, वह खिलखिलाती हँसी और वह सौगन्ध चुपचाप जाग उठती है।
कुछ रंग चेहरे से उतर जाते हैं, कुछ कपड़ों से धुल जाते हैं, लेकिन कुछ रंग ऐसे होते हैं जो तन पर नहीं, मन पर चढ़ते हैं। वे जीवन भर नहीं उतरते।
शायद इसी लिए…
विसरत नहीं होली की रंग-फुहार।
संस्मरण – डॉ. सुरेश पराग
बुन्देली झलक (बुन्देलखण्ड की लोक कला, संस्कृति और साहित्य)
